MP में मानसून की जोरदार एंट्री, 35 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, बैतूल-छिंदवाड़ा में भारी वर्षा की चेतावनी

सामान्य अनुमान से नौ दिन बाद आखिरकार बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानूसन ने मध्य प्रदेश में दस्तक दे दी। मानूसन ने बालाघाट जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश किया और फिलहाल आलीराजपुर, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदा पुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और डिंडोरी तक पहुंच चुका है। अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य में इसके और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय होने से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन मौसम को लगातार प्रभावित कर रही है। इसके चलते बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत हैं।

इन जिलों में बारिश की अधिक संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार और छिंदवाड़ा जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, अलीराजपुर, झाबुआ, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर सहित कई जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज हो सकती है।

तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने सीहोर और जबलपुर जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। यहां गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, रतलाम, गुना, अशोकनगर, सतना, शहडोल, डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा सहित कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

सीधी में हीट वेव का असर बरकरार

जहां एक ओर अधिकांश क्षेत्रों में मानसून सक्रिय हो रहा है, वहीं सीधी जिले में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। यहां अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *