उत्तर प्रदेश में आखिरकार बहुप्रतीक्षित मानसून ने बलिया जिले के रास्ते दस्तक दे दी है। मंगलवार को दो दिनों की देरी के बाद आखिरकार मानसून ने सोनभद्र के परंपरागत रास्ते को धता बताते हुए बलिया जिले की पूर्वी सीमा के रास्ते उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। वहीं मौसम विभाग ने आगे वाराणसी और कुशीनगर समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
माना जा रहा है कि आजमगढ़ मंडल के जिले के रास्ते यूपी में पहुंचा मानसून अब जल्द ही अन्य जिलों में प्रवेश कर बारिश से सराबोर करेगा। दो दिनों से जिस गति से मानसून ने राहत देना शुरू किया है उस हिसाब से माना जा रहा है कि पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी मानसूनी सक्रियता का दौर जल्द ही नजर आएगा और मानसूनी बादल गर्मी से राहत भी देंगे। हालांकि दूसरी ओर हीट वेव का पूर्वांचल में मौसम विभाग का अलर्ट भी अब खत्म होने की ओर है।
मानसून वैसे तो तय समय पर देश में आ गया था लेकिन पूर्व में पटना तक आने के बाद सप्ताह भर से अधिक समय तक मानसून ठिठक गया था। अनुमान जताया जा रहा था कि मानसूनी सक्रियता पूर्व की भांति सोनभद्र के रास्ते ही प्रदेश में दस्तक देगा। लेकिन मानसून की गति पूर्व की ओर से तेज रही और मौसम विभाग की ओर से मंगलवार की दोपहर में जारी चार्ट के अनुसार बलिया जिले के पूर्वी या बिहार से सटे क्षेत्रों तक मानसूनी रेखा सक्रिय होकर मानसूनी बादलों की आवाजाही का माहौल बना रही है।
मौसम विभाग ने दो दिनों से लगातार मानसूनी सक्रियता का आंकड़ा जारी किया है। एक ओर बलिया जिले से उत्तर प्रदेश में मानसूनी सक्रियता दाखिल हो चुकी है तो दूसरी ओर 50 से सौ किलाेमीटर तक की मानसूनी रेखा की दूरी सोनभद्र से भी बनी हुई है। जबकि यहां भी मानसून दस्तक देने के करीब आ चुका है। ऐसे में बलिया के रास्ते यूपी में प्रवेश करने वाला मानसून जो बीच जून तक आ जाता था वह लगभग दो दिनों की देरी के बाद 23 जून को प्रदेश में दस्तक दे चुका है।
अब बलिया आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र और मीरजापुर के साथ ही भदोही, चंदौली और जौनपुर में भी दो तीन दिनों के भीतर मानसूनी सक्रियता नजर आ सकती है। जबकि सोनभद्र के खोड़वा पहाड़ की ओर भी आदिवासी लोग नजर गड़ाए हुए हैं ताकि मानसूनी सक्रियता की आहट पाकर वह खेती किसानी की ओर रुख कर सकें।
मानसूनी रेखा हालांकि पहले सक्रिय होकर गोरखपुर मंडल के महाराजगंज के करीब तक जा पहुंचा था। लेकिन मानसून वहां ठिठक गया और बलिया के रास्ते मंगलवार को यूपी में आखिरकार मानसून प्रवेश कर गया है। अब जल्द ही मानसून समूूचे पूर्वांचल में असर करेगा और मानसूनी सक्रियता दे से ही सही लेकिन पूर्वांचल में राहत लेकर आएगा। हालांकि अलनीनो के प्रभाव से कुछ कम बारिश का अनुमान है लेकिन बारिश होना और बादलों की आवाजाही भी गर्मी से राहत जरूर देगा।


