प्रतापगढ़ में बीज भंडार संचालक की नहर में मिली लाश, हत्या की आशंका; पास ही बीज कंपनी एजेंट घायल मिला

जनपद में आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के लाखीपुर गांव के निवासी 45 वर्षीय ओम प्रकाश वर्मा की सोमवार रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। उनकी लाश मंगलवार सुबह दयालगंज बाजार के नजदीक नहर में लोगों ने देखी। इससे खलबली मच गई। यह भी बताया गया कि घटनास्थल के निकट ही एक बीज कंपनी के एजेंट धरौली गांव के बृजेश यादव घायल दशा में पाया गया।

बताया जाता है कि ओम प्रकाश वर्मा और बृजेश यादव सोमवार की रात में साथ में ही बाइक से कहीं जाने के लिए घरों से निकले थे। जब काफी रात होने के बाद भी वापस नहीं लौटे तो दोनों को उनके घरवाले पूरी रात खोजते रहे। सुबह ओम प्रकाश वर्मा की लाश मिली, जबकि बृजेश यादव घायल अवस्था में पाया गया।

ओमप्रकाश वर्मा उर्फ ओपी गुरू की संदिग्ध मौत पर परिवार के सदस्य हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। वहां जिस बाइक से दोनों गए थे, नहीं मिली। अभी स्थिति बहुत साफ नहीं हुई है।

इस संबंध में सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी का कहना है कि घायल को उपचार के लिए प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं ओमप्रकाश की लाश को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *