अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारों पर काम करने वाले तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह एक्सटॉर्शन, फायरिंग और लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरदेव सिंह उर्फ गुरदेव, जशनप्रीत सिंह उर्फ जस्सू और हरपारसदीप सिंह उर्फ पारस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक प्वाइंट थर्टी बोर जिगाना पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक थार गाड़ी, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर जिलों में हुई कम से कम सात बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है।
विदेश से मिलते थे निर्देश
जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के निर्देशों पर काम कर रहा था। आरोपित अपने फरार साथी महीप सिंह के साथ मिलकर यह गतिविधियां चला रहे थे। पुलिस के अनुसार विदेश में बैठे जसबीर सिंह उर्फ करण इस पूरे गिरोह का मुख्य हैंडलर है, जो मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए अपने गुर्गों को टारगेट और निर्देश भेजता था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि यह गैंग गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासूवाल से जुड़े नेटवर्क से प्रभावित था। गिरोह के सदस्य फिरौती वसूली के लिए पहले रेकी करते थे और फिर फायरिंग कर दहशत पैदा करते थे ताकि पीड़ित व्यक्ति पैसे देने को मजबूर हो जाए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

