फिरोजाबाद में गर्भवती महिला की मौत के बाद ससुराल में बवाल, पथराव में कई लोग घायल

1992 Shares

गांव मोहम्मदाबाद में प्रसव के बाद एक विवाहिता की मृत्यु के बाद मायका पक्ष के लोगों ने ससुराल पहुंचकर जमकर हंगामा, मारपीट और पथराव किया। इस घटना से गांव में अफरातफरी मच गई और शोक व्यक्त करने आए ग्रामीणों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। हमले में गांव की दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।

मोहम्मदाबाद निवासी सतेंद्र की शादी तीन वर्ष पूर्व छारबाग, फिरोजाबाद निवासी 22 वर्षीय रजनी के साथ हुई थी। देखरेख के लिए पति लगभग 15 दिन पहले गर्भवती पत्नी को उसके मायके छोड़ आया था। गुरुवार को प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन ने उसे फिरोजाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ऑपरेशन से उसने एक कन्या को जन्म दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

नवजात की हालत ठीक है, लेकिन रजनी की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। शुक्रवार को आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। महिला की मृत्यु से आक्रोशित मायके वाले सुबह 10 बजे शव लेकर सीधे उसकी ससुराल गांव मोहम्मदाबाद पहुंच गए और आते ही लाठी-डंडों से हमला बोलते हुए ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

अचानक हुए इस पथराव में ममता का सिर फट गया, जबकि 17 वर्षीय प्रियंका, किशन देवी, रामजीलाल और रामलखन घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि मायका पक्ष द्वारा हंगामा किया गया था, पथराव के आरोप गलत हैं। किसी भी पक्ष ने अभी तक लिखित तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *