देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज, NSE यानी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज अपने आगामी आईपीओ के लिए DRHP फाइल कर दिया है। इस खबर के बाद NIACL के शेयरों में जबरदस्त तेजी आ गई। दरअसल, ₹30,000 करोड़ के प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने के बाद गुरुवार को न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIACL) के शेयरों में लगभग 14 प्रतिशत तक चढ़ गए।
NSE पर न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के शेयर 13.62 प्रतिशत चढ़कर 188 रुपये प्रति शेयर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।
NIACL के शेयरों में क्यों आई तेजी?
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, IPO में शेयर बेचने वाले शेयरधारकों में से एक, ‘द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी’, ‘ऑफर फॉर सेल’ के ज़रिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 1.05 करोड़ इक्विटी शेयर तक बेचेगी। बीमा कंपनी के लिए प्रति इक्विटी शेयर खरीद की वेटेड एवरेज कॉस्ट 0.32 रुपये है।
NSE ने बुधवार को मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास अपने IPO के लिए DRHP जमा किए। इस IPO का अनुमानित मूल्य लगभग 30,000 करोड़ रुपये है। उम्मीद है कि यह शेयर बिक्री भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू होगा।
NSE आईपीओ अक्टूबर 2024 में आए हुंडई मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के इश्यू के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है। एनएसई का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह OFS पर आधारित होगा जिसमें मौजूदा शेयरधारक कुल 14.89 करोड़ शेयर बेचेंगे। इस इश्यू के जरिए शेयरधारक मिलकर एनएसई में अपनी करीब छह प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेंगे।


