शिमला में जाम से मिलेगी राहत, सड़क पर नहीं अब पार्किंग में खड़े होंगे वाहन; 800 गाड़ियों के लिए होगी 3 जगह सुविधा

 हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पार्किंग की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्मित तीन बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब इनके उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा है। इन पार्किंग के शुरू होने से शहर में 800 से अधिक वाहनों के पार्क होने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे सड़कों पर लगने वाले जाम में भी कमी आने की उम्मीद है।

ऑकलैंड, आइजीएमसी और एसडीए परिसर कसुम्पटी में बनाई गई इन पार्किंग का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने पूरा कर लिया है। कुसुम्पटी स्थित एसडीए परिसर में करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनी पार्किंग में 350 से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे। वहीं ऑकलैंड की तीन मंजिला पार्किंग में 200 से अधिक वाहनों की क्षमता है।

आईजीएमसी के पास भी मिलेगी पार्किंग सुविधा

इसके अलावा आईजीएमसी न्यू ओपीडी के सामने बनाई गई पार्किंग भी तैयार हो चुकी है। आइजीएमसी के समीप बनी पार्किंग मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। अस्पताल आने वाले लोगों को अब वाहन पार्क करने के लिए शहरभर में भटकना नहीं पड़ेगा। इससे अस्पताल क्षेत्र में सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग भी कम होगी।

क्या कहते हैं मेयर

शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत पार्किंग निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री जल्द ही इनका उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद इन्हें आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ अंतिम औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इन तीनों पार्किंग के शुरू होने से न केवल वाहन चालकों को सुरक्षित पार्किंग मिलेगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *