उमरिया: नदी में करंट डालकर मछली पकड़ने का खेल पड़ा भारी, युवक की मौत; गड्डे में शव दफन कर भागे दो आरोपित गिरफ्तार

1267 Shares

उमरिया जिले के मगरधरा गांव में नदी में करंट प्रवाहित कर मछली पकड़ने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। पानी में उतरा युवक विद्युत करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद दो युवकों ने पुलिस से बचने के लिए शव को नदी किनारे गड्ढे में दफन कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पांच दिन से लापता था युवक

पुलिस के मुताबिक, मगरधरा निवासी गौकरण सिंह 5 सितंबर से घर से लापता था। परिजन ने 8 सितंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच 9 सितंबर को नदी के पास से दुर्गंध आने और मिट्टी के नीचे शव दबे होने की सूचना पुलिस को मिली।

मौके पर पहुंची पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर शव बाहर निकलवाया। उसकी पहचान लापता गौकरण सिंह के रूप में हुई। इसके बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई।

मछली पकड़ने नदी में उतारा था करंट

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान मगरधरा निवासी भारत सिंह (21) और वेंकट रमन (28) संदेह के घेरे में आए। पूछताछ में घटना की कड़ी सामने आई।पुलिस के अनुसार, दोनों ने गौकरण के साथ मिलकर नदी में विद्युत करंट प्रवाहित कर मछली पकड़ने की योजना बनाई थी। भारत सिंह अपने घर से करीब 100 मीटर दूर नदी तक बिजली का तार लेकर गया था। इसके बाद वेंकट रमन ने तार को दूसरे तार से जोड़कर नदी के पानी में करंट प्रवाहित कर दिया। इसी दौरान पानी में मौजूद गौकरण विद्युत करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद शव गड्ढे में दबाया

गौकरण की मौत से घबराए दोनों युवकों ने घटना छिपाने के लिए उसका शव नदी किनारे एक गड्ढे में डाल दिया। इसके बाद शव को मिट्टी से ढककर दोनों मौके से फरार हो गए। कई दिन बाद शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई और पुलिस तक मामला पहुंचा।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *