प्रधानमंत्री मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हिमाचल में बवाल, भाजपा ने घेरा हरोली पुलिस थाना

1115 Shares

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर उतर आया। मामले को पांच दिन बीत जाने के बावजूद कार्रवाई न होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हरोली थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई हरोली भाजपा नेता राम कुमार ने की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए सवाल उठाया कि आखिर पांच दिन बीतने के बाद भी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मुनीश कंवर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई? भाजपा नेताओं ने दो टूक कहा कि अपमान बर्दाश्त नहीं होगा और कानून के साथ खिलवाड़ भी नहीं होने दिया जाएगा।

मर्यादा की सीमाएं लांघने की अनुमति नहीं

कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के संवैधानिक पद पर आसीन हैं। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी भी व्यक्ति को मर्यादा की सीमाएं लांघने की अनुमति नहीं दी जा सकती। भाजपा ने आरोप लगाया कि यदि यही टिप्पणी किसी अन्य राजनीतिक दल के नेता के खिलाफ हुई होती तो अब तक कार्रवाई हो चुकी होती।

भाजपा पीछे नहीं हटेगी

राम कुमार ने कहा कि भाजपा किसी दबाव में पीछे हटने वाली नहीं है। कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और कार्रवाई भी बिना किसी राजनीतिक दबाव के होनी चाहिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

क्या कहते हैं एसपी

एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि मामला ध्यान में है, इस पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *