हिमाचल प्रदेश के मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच अटल टनल रोहतांग के अंदर कई गाड़ियां टकरा गईं। सुबह ही पर्यटक अटल टनल को पार करके लाहुल के बारालाचा, शिंकुला व स्पीति की ओर जा रहे थे, इस दौरान हलके जाम के बीच टनल के अंदर गाड़ियों की जोरदार टक्कर हो गई।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सीएच नंबर के टेम्पो ट्रैवलर ने पीछे से एचपी नंबर के ट्रैवलर को टक्कर मारी, जिस कारण वह आगे चल रही एचआर नंबर की गाड़ी से टकरा गया। सीएच यानी चंडीगढ़ नंबर की ट्रैवलर के ड्राइवर की गलती से यह हादसा हुआ।
दिल्ली के पर्यटक घायल
इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। घायल पर्यटक दिल्ली निवासी बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल मनाली लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक रूप से सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आवश्यक कानूनी एवं अन्य कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
क्या है हादसे की वजह
अटल टनल में निर्धारित गति सीमा का पालन न करने से इस तरह के हादसे पेश आ रहे हैं। अकसर पर्यटक जल्दबाजी में स्पीड बढ़ा देते हैं, इस कारण आगे चल रही गाड़ी से टक्कर हो जाती है। टनल के भीतर ओवरटेक करने और निर्धारित सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। हालांकि टनल के भीतर जगह-जगह निर्धारित गति सीमा लिखी गई है, लेकिन वाहन चालक टनल के अंदर तेज गति से वाहन चला रहे हैं।
पुलिस की एडवायजरी
डीएसपी मनाली केडी शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया कि अटल टनल के भीतर निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि ओवरटेक न करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।


