गोपालन को बढ़ावा: उन्नत नस्ल की गायों पर पाएं 80 हजार रुपये का सरकारी अनुदान, 10 जुलाई तक करें आवेदन

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के लिए प्रदेश सरकार ने गोपालन का अवसर दिया है। नंद बाबा दुग्ध मिशन में संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना में दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। इसके लिए गुरुवार से 10 जुलाई तक आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

10 जुलाई तक किया जा सकता है आवेदन

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोमेश गुप्ता ने बताया कि योजना में बाहरी राज्यों से गिरि, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा नस्ल की उन्नत गायों की खरीद पर अनुदान दिया जाएगा। हरेक लाभार्थी को दो गायों की इकाई स्थापित करनी होगी। इकाई की कुल लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान के तौर पर प्रदान किया जाएगा।

योजना में महिला गोपालकों व दुग्ध उत्पादकता को प्राथमिकता दी जाएगी। निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। डा. गुप्ता ने बताया कि खरीदी जानी वाली गाय प्रथम, द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए। इच्छुक लोग गोपालक नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *