विश्व कप 2011 जीत से मिली प्रेरणा, दोनों हाथों से गेंद घुमाकर बल्लेबाजों को छका रहे विजय यादव; UPT20 में काशी रुद्राक्ष को दिलाई जीत

6.8kViews
1387 Shares

यूपी टी20 लीग (UP T20 League) सीजन-4 में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्राक्ष की ओर से खेल रहे 24 साल के विजय यादव अपनी दुर्लभ और अनोखी गेंदबाजी शैली से तहलका मचा रहे हैं।

एक ही ओवर में दोनों हाथों (Ambidextrous) से आसानी से स्पिन गेंदबाजी कराने की क्षमता रखने वाले विजय यादव ने हाल ही में अपनी पुरानी टीम गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर काशी रुद्राक्ष को एक यादगार जीत दिलाई। साल 2024 में लीग में पर्दापण करने वाले गोरखपुर के इस युवा स्पिनर को UPT20 2026 के ऑक्शन में काशी रुद्राक्ष ने 5.2 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।

2011 विश्व कप जीत से मिली प्रेरणा
गोरखपुर के रहने वाले विजय के पिता पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर (Sub-Inspector) हैं और माता गृहणी हैं। अपने शुरुआती दिनों और दोनों हाथों से गेंदबाजी के विचार पर बात करते हुए विजय यादव ने बताया, “मैंने 2012 में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। भारत की 2011 विश्व कप जीत ने मुझे बहुत प्रेरित किया कि मुझे भी देश के लिए कुछ बड़ा करना है।”उन्‍होंने कहा, “शुरुआत से ही मेरा बायां हाथ थोड़ा काम करता था। अमूमन दाएं हाथ के बल्लेबाज दाएं हाथ के गेंदबाजों पर ज्यादा हावी होते हैं, इसलिए मुझे उन्हें गेंदबाजी करने में थोड़ी दिक्कत आती थी। इसके बाद मैंने अपने बाएं हाथ पर काम करना शुरू किया और कड़ी मेहनत के साथ इस पर नियंत्रण हासिल किया।”

दोनों हाथों से गेंदबाजी के शारीरिक तनाव पर विजय ने कहा, “लोगों को टीवी पर यह बहुत आसान लगता है, लेकिन दोनों हाथों से एक जैसी सटीकता से गेंदबाजी करना बेहद कठिन है। इसके लिए मुझे दोनों हाथों से अलग-अलग दोगुनी मेहनत और प्रैक्टिस करनी पड़ती है।”

विराट कोहली हैं आइडल

निचले क्रम में आकर लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले विजय यादव भारतीय दिग्गज विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा, “विराट कोहली मेरे आइडल हैं। क्रिकेट को लेकर उनका पैशन, Dedication, मोटिवेशन और अग्रेशन देखना मुझे बहुत पसंद है। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।”

यूपी टी20 लीग के इस बड़े मंच ने विजय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। अपनी क्षमता के दम पर वे पहले ही आईपीएल की शीर्ष फ्रेंचाइजियों की नजरों में आ चुके हैं। विजय ने बताया, “यूपी टी20 लीग एक बहुत बड़ा प्लेटफॉर्म है। मुझे यहां अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिला है। मैं मुंबई इंडियंस (MI) के लिए ट्रायल दे चुका हूं और पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने भी मुझे ट्रायल के लिए बुलाया था।”

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की अंडर-19 और अंडर-23 टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके विजय यादव का लक्ष्य अब UPT20 में लगातार शानदार प्रदर्शन कर जल्द से जल्द इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और भारतीय राष्ट्रीय टीम का टिकट हासिल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *