अगर आपका मोबाइल सिम अचानक बंद हो जाए तो सावधान! हरिद्वार में हुई 2.50 लाख रुपये की साइबर ठगी

1756 Shares

अगर आपका मोबाइल सिम अचानक बंद हो जाए तो सावधान हो जाएं, हो सकता है कि आप साइबर ठगों के निशाने पर हों।

बहादराबाद थानाक्षेत्र में एक युवक के साथ ऐसी ही वारदात सामने आई है, आधार कार्ड अपडेट कराने की प्रक्रिया के दौरान युवक का सिम बंद हो गया था, जो पांच दिनों तक बंद रहा। उस बीच दो बैंक खातों से यूपीआइ के जरिये करीब 2.50 लाख रुपये निकाल लिए गए।

बडेढ़ी राजपूतान निवासी राव कुर्बान राणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपना आधार कार्ड अपडेट कराया था। इसके बाद उनका मोबाइल सिम अचानक बंद हो गया। जब पांच दिन बाद सिम सक्रिय होने पर बैंक खाते चेक किए, तो धोखाधड़ी का पता चला।

पीड़ित के अनुसार, पांच और छह जून को उनके एसबीआइ और पीएनबी खातों से यूपीआइ के माध्यम से कुल 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। बैंक जांच में पता चला कि एसबीआई खाते से 1.79 लाख रुपये शहजाद अली के खाते में और पीएनबी खाते से 70 हजार रुपये विप्लब के खाते में भेजे गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिन खातों में राशि गई है, उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है।

साइबर एक्सपर्ट की सलाह

पुलिस के एक साइबर एक्सपर्ट के अनुसार, यदि मोबाइल सिम अचानक बंद हो जाए, तो इसे सामान्य न समझें। तुरंत अपने टेलीकाम ऑपरेटर से संपर्क कर सिम की स्थिति जांचें। सिम बंद होने की स्थिति में तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और यूपीआई व नेट बैंकिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से ब्लाक करवाएं। आधार संबंधी किसी भी कार्य के लिए आधिकारिक केंद्रों का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या ओटीपी साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *