पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया स्थित रॉकेट मैदान के पास संचालित ईसीआई इंग्लिश मीडियम स्कूल में गुरुवार दोपहर तेज आंधी के कारण बड़ा हादसा हो गया। स्कूल भवन की छत के छप्पर और एस्बेस्टस शीट उड़कर गिरने से कमरे में मौजूद तीन छात्र घायल हो गए।
घायलों में स्टेनली पिंगोर के सिर में, सलन दरई के घुटने में तथा रोशन लागुरी के सिर में चोट लगी है। सभी घायलों को तत्काल जेटेया अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जेटेया पंचायत के मुखिया संजीत कुमार तिरिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मुखिया ने बताया कि अचानक आई तेज आंधी के कारण स्कूल की छत पर लगी एस्बेस्टस शीट उड़कर नीचे गिर गई। उस समय कमरे में आठ छात्र मौजूद थे। हादसे में तीन छात्र घायल हो गए, जबकि अन्य पांच छात्रों ने कमरे के एक कोने में छिपकर अपनी जान बचाई।
स्कूल की शिक्षिका सुष्मिता किंबो ने बताया कि वर्ष 2016 में स्थापित इस आवासीय विद्यालय में करीब 160 छात्र पढ़ते हैं। वर्तमान में ग्रीष्मावकाश होने के कारण अधिकांश छात्र अपने घर गए हुए हैं, जिससे घटना के समय विद्यालय में कम छात्र मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि तेज आंधी के कारण विद्यालय की छत पर लगी लगभग सभी एस्बेस्टस शीट उड़कर गिर गई हैं। अब विद्यालय भवन की मरम्मत और नई छत लगाने की आवश्यकता है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में जुट गए और स्थिति का जायजा लिया।


