पटना के बच्चे ने बनाया ऐसा चेहरा कि मच गया बवाल, दो पक्षों में पथराव; 10 लोग घायल

5.0kViews
1293 Shares

 फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में शनिवार की रात एक बच्चे के मजाकिया अंदाज में चेहरा बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।

देखते ही देखते कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में कम से कम 10 लोग घायल हो गए।

मामूली बात पर भ‍िड़ गए दोनों पक्ष

फतुहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि विवाद की शुरुआत एक बच्चे द्वारा दूसरे पक्ष के एक सदस्य की ओर मजाकिया चेहरा बनाने को लेकर हुई।

बच्‍चे ने मुंह टेढ़ा क‍िया, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई।

सूचना मिलते ही गांव पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। पथराव की घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 लोगों के घायल होने की जानकारी है।

अब तक किसी पक्ष ने नहीं दी शिकायत

पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

लोगों का कहना है कि बच्‍चे की बात पर इस तरह बड़ों का आपस में लड़ जाना अच्‍छी बात नहीं है।  बच्‍चे तो नटखट स्‍वभाव के होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *