राप्ती नदी में देखीं बाढ़ से पहले की तैयारियां, SDRF टीम ने डूबते व्यक्ति को बचाने का किया अभ्यास

2.1kViews
1605 Shares

 संभावित बाढ़ को देखते हुए बाढ़ पीडितों का बचाव कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा तत्काल राहत देने के उद्देश्य से जिले में माकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को भिनगा क्षेत्र के खजुहा झुनझुनिया स्थित राप्ती नदी के तट पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी में माकड्रिल संपन्न हुई। यह पूरी कार्रवाई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार हुई। नदी में माकड्रिल कर बाढ़ से पूर्व तैयारियां परखी गईं।

डीएम अन्नपूर्णा ने कहा कि माकड्रिल का उद्देश्य तैयारियों का मूल्यांकन करना और उसे बेहतर बनाना, बचाव के लिए मशीनरी और संबंधित राहत में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के आपसी समंवय का मूल्यांकन करना है।

डूबते व्यक्ति को बचाने के लिए की मॉकड्रिल

एसडीआरएफ टीम की ओर से राप्ती नदी में डूबते हुए व्यक्ति को बचाने की माकड्रिल की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र व डीएम ने आपदा विशेषज्ञ से माकड्रिल की जानकारी ली और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि श्रावस्ती बाढ़ प्रभावित जिला है, इसलिए पूर्व में आई बाढ़ को देखते हुए इस वर्ष भी बचाव की तैयारियां पहले से ही पूरी की जा रही हैं, ताकि संभावित बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर बाढ़ पीड़ितों की मदद कर उन्हें राहत पहुंचा सके। डीएम ने कहा कि व्यक्तियों के बाढ़ में डूबने से लेकर राहत सामग्री पहुंचाने तक का पूर्वाभ्यास किया गया है।

बाढ़ से बचाव के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सभी बाढ़ चौकियों पर बरसात में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए दवाओं के साथ स्वास्थ्य टीम भी लगाई गई है। जिला स्तर पर कंट्रोलरूम का संचालन भी किया जा रहा है।

यह माकड्रिल हमें अपनी तैयारियों को परखने का मौका देती है, जो कमी होती है, उसे भी समय रहते पूरा करा लिया जाएगा, ताकि आपदा के समय किसी को कोई परेशानी न उठानी पड़े। संचालन आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *