दो सगी बहनों से छेड़छाड़ के आरोपित शास्त्रीनगर के मो. आसिफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अमहट स्थित हवाई पट्टी के पास बुधवार की देर रात मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद उसे मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस व चोरी की बाइक भी बरामद हुई है।
नौ जून को नगर के एक मुहल्ले की दो सगी बहनों का आरोपित ने पीछा किया था और रास्ते में बिजली कट जाने पर अंधेरे का लाभ उठाकर छेड़खानी की थी। शोर मचाने पर आरोपित मौके से भाग निकला था। इसके बाद पीड़ित बहनों ने इसकी सूचना डायल-112 को दी थी।
पुलिस ने मामले की छानबीन की
मौके पर पहुंची डायल-112 व कोतवाली नगर पुलिस ने मामले की छानबीन की थी। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि इसके बाद पुलिस की टीमें आरोपित की तलाश में लगाई गई थीं। अमहट स्थित हवाई पट्टी के पास उसके मौजूद होने की सूचना पर एसओजी व कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की।
इसके बाद आरोपित ने टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। प्रभारी कोतवाल आलोक धीमान ने बताया कि आरोपित से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


