बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के समीप गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला और ससुर की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया गया था।
बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चड़वा-बड़वा गांव निवासी एक परिवार कार से रेणुकूट होते हुए रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था। इसी दौरान विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के पास सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 33 वर्षीय रूचि सिंह पत्नी पवन सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि हादसे में 70 वर्षीय यतेंद्र सिंह पुत्र धर्मदेव सिंह की भी मौत बाद में हो गई।
वहीं इसी हादसे में 65 वर्षीय मालती सिंह पत्नी यतेंद्र सिंह, 35 वर्षीय पवन सिंह पुत्र यतेंद्र सिंह, पंकज सिंह पुत्र यतेंद्र सिंह तथा चार वर्षीय रिमझिम पुत्री पवन सिंह घायल हो गए। से सभी भी निवासी सिकंदरपुर, जिला बलिया के ही निवासी हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार यतेंद्र सिंह अपने छोटे भाई संतोष सिंह की पत्नी के श्राद्धकर्म में शामिल होने परिवार के साथ बरवा गांव आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पूरा परिवार कार से वापस छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हुआ था।
चिकित्सकों ने यतेंद्र सिंह और पवन सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने के कारण कार के खड़े टैंकर से टकराने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


