Delhi-Howrah Rail Route Disrupted: ओएचई लाइन में फंसी बोरी, 20 मिनट रुकी ट्रेन; मैनपुरी लाइन पर गिरा पेड़

 तेज आंधी-तूफान के दौरान दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर महेरा फाटक के पास एक बड़ा हादसा टल गया। तेज हवा के कारण उड़कर आई एक प्लास्टिक की बोरी ओएचई यानी ओवरहेड इलेक्ट्रिक बिजली लाइन के तार में फंस गई। इस दौरान रेलवे स्टेशन से पास होकर हावड़ा की ओर जा रही एक खातीपुरा हावड़ा स्पेशल ट्रेन को एहतियातन बीच रास्ते में महेरा फाटक से पहले बीच रास्ते में रोकना पड़ा।

रेलवे गेटमैन की सूचना पर रेलवे कर्मचारियों व अधिकारियों ने पहुंचकर ओएचई बंद कराकर बोरी को हटवाया। इस दौरान करीब पांच मिनट दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर ओएचई बंद रही जबकि ट्रेन करीब 20 मिनट खड़ी रही।

मंगलवार शाम के समय तेज आंधी के चलते हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर महेरा फाटक व सुंदरपुर हाइवे ओवरब्रिज के बीच खंभा संख्या 1153 का 12-14 के बीच एक खाली बोरी हवा में उड़कर रेलवे ट्रैक के ऊपर लगे ओएचई तार में जाकर अटक गई। रेलवे गेटमैन एवं नियंत्रण कक्ष को मिली सूचना पर स्टेशन से पास होकर कानपुर की ओर जा रही गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा-हावड़ा फायर स्पेशल ट्रेन को बीच गांधी नगर के पास रोक दिया गया। यदि समय रहते ट्रेन नहीं रोकी जाती तो इंजन से बिजली के तार को जोड़ने वाले ट्रेन के पेंटो एंगल में बोरी फंसने से तकनीकी खराबी आने व टूटने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

ओएचई लाइन में बोरी फंसने की सूचना मिलते ही रेलवे के ओएचई विभाग के कर्मचारी और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने ओएचई लाइन को 5 बजकर 11 मिनट पर बंद कराकर सावधानीपूर्वक बिजली लाइन में फंसी बोरी को हटाया और ट्रैक व ओएचई लाइन का निरीक्षण कर उसे 5 बजकर 16 मिनट पर पुन: शुरु कराया। ओएचई बंद होने से करीब पांच मिनट डाउन लाइन प्रभावित रहा। इस दौरान सब कुछ सामान्य पाए जाने के बाद करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।इस घटना के चलते रेल यातायात प्रभावित रहा, हालांकि रेलवे अधिकारियों की कार्रवाई से स्थिति जल्द सामान्य हो गई।

राहतपुरा के पास मैनपुरी लाइन पर पेड़ गिरा, 38 मिनट ट्रैक प्रभावित

इटावा-मैनपुरी रेल लाइन पर राहतपुरा के पास 4 बजकर 52 मिनट पर एक भारी भरकम पेड़ रेलवे ट्रैक के बीच गिर गया। जिससे करीब 38 मिनट तक ट्रैक प्रभावित रहा। हालांकि इस मार्ग पर उस समय ट्रेनों का कोई संचालन न होने से किसी प्रकार की असुविधा नहीं उठानी पड़ी। सूचना पर रेलवे टीम ने मौके पर पहुंचकर लाइन से पेड़ को हटवाया और यातायात बहाल कराया। आंधी में स्टेशन पर प्लेटफार्म चार पर लगा इटावा लिखा हुआ बोर्ड भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे कालोनी में भी कई जगह पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *