साॅफ्टवेयर इंजीनियर के बेटे को घर पर बिना बताए नौकरानी अपने साथ ले गई। बच्चे को घर में न पाकर स्वजन घबरा गए। पिता की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने बच्चे की तलाश की। पुलिस का दबाव बढ़ता देख, नौकरी तीन घंटे बाद वापस बच्चे को लेकर घर पहुंची। इसके बाद स्वजन ने राहत की सांस ली।
कमलानगर ए ब्लाक में रहने वाले अभिषेक पोरवाल साॅफ्टवेयर इंजीनियर हैं। सोमवार दोपहर उनके ढाई वर्षीय इकलौते बेटे वेद को नौकरानी घर में बिना बताए अपने साथ ले गई। बेटे को घर में न पाकर दंपती घबरा गए। उन्होंने पुलिस को बेटे के लापता होने की सूचना दी। कमलानगर पुलिस ने बच्चे की तलाश करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
पिता अभिषेक और मां दीपिका भी बच्चे की तलाश करने लगे। अभिषेक ने बताया कि घर में काम करने वाली नौकरी बच्चे को अपने साथ ले गई थी। पुलिस का दबाव बढ़ने पर वह शाम 6:40 बजे बच्चे को लेकर घर वापस लौटी। अभिषेक ने उसे काम से हटा दिया है।
इंस्पेक्टर कमलानगर पवन सैनी ने बताया कि नौकरी बच्चे को लेकर दयालबाग की ओर चली गई थी। लौटने में देरी होने पर स्वजन ने पुलिस से शिकायत की थी। स्वजन की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

