भाजपा के चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पिता पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर किया गया पोस्ट सुर्खियों में बना हुआ है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि मैं भाजपा तब तक नहीं छोडूंगा, जब तक आप अपमानित कर नहीं निकालोगे।
लिखा कि दिल्ली देख लो बृजभूषण राजपूत ने जल जीवन मिशन की खामियों को उजागर किया तो कहा गया बागी है। अब तो मनोज प्रजापति विधायक हमीरपुर भी जल मिशन की समस्या उठा रहे हैं। तब से ज्यादातर विधायक यूपी के अपने-अपने क्षेत्र की पानी की समस्या उठा रहे तो क्या सब बागी हो गए।
अनुशासन के नाम पर हम बुंदेलखंड के लोगों को मरने के लिए छोड़ दें, कुछ न बोलें। जंगल साफ हो गए, जिससे बुंदेलखंड विश्व में सबसे ज्यादा गर्म हो गया। अवैध खनन से नदियां समाप्त होने की कगार पर हैं। जहां-जहां जलधारा टूट रही है सब योगी जी से मिलकर बता चुका हूं।
बुंदेलखंड के हालात पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अत्यधिक गर्मी के कारण नदियों का पानी भाप बनकर उड़ रहा है, कुछ न बोलूं। मेरी संपत्ति जब्त करा लो, मेरा महल छीन लो, मुझे और बेटे को जेल में डाल दो। लेकिन मैं बुंदेलखंड की जनता को मरने के लिए अकेला नहीं छोड़ सकता, मैं बोलूंगा।
माननीय मोदी जी ध्यान दें, बुंदेलखंड के जंगल, पहाड़ व नदियों को बचाने की मैं शपथ लेता हूं। मैं भाजपा नहीं छोडूंगा, जब तक आप अपमानित कर नहीं निकालोगे, बुंदेलखंड की जनता के लिए बोलूंगा और मरते दम तक बोलता रहूंगा। दिल्ली व लखनऊ की मीडिया बुंदेलखंड के हालात आकर देखे।
बाद में डिलीट कर दिया पोस्ट
हालांकि बाद में उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दिया। इसके पूर्व 30 जनवरी को जल जीवन मिशन की बदहाली को लेकर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और विधायक ब्रजभूषण राजपूत में तीखी झड़प हुई थी।
पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का कहना है कि मैं बुंदेलखंड की आवाज उठाता रहूंगा, किसी को बुरा लगे तो क्या कर सकता हूं। मैं चुप नहीं बैठ सकता। अच्छे कार्य करता रहूंगा और इनकी किसी को आलोचना नहीं करना चाहिए।


