दिल्ली-आगरा हाईवे पर सूरजकुंड रोड से जाना अब आसान, फरीदाबाद में ग्रीनफील्ड और सेक्टर-45 को जोड़ेगा नया पुल

5.4kViews
1696 Shares

सूरजकुंड से दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग की कनेक्टिविटी के लिए बुढ़िया नाले पर पुल बनाने की योजना सिरे चढ़ने वाली है। यह पुल ग्रीनफील्ड क्षेत्र की सेक्टर-45 से सीधी व सुगम कनेक्टिविटी करेगा।

इस पुल की डीपीआर सहित अन्य तैयारी के लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त की जाएगी। इसके टेंडर लगा दिए गए हैं। उम्मीद है कि जल्द इस दिशा में काम भी शुरू हो जाएगा। यहां पुल निर्माण के लिए मेवला महाराजपुर व सराय गांव के लोगों की निजी जमीन लेनी होगी।

एचएसवीपी ने ली मंत्री की मदद

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण इस मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की मदद ले रहा है। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद ही इस समस्या का समाधान निकल सकता है। वैसे यहां पुल बनाने की सिफारिश केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने ही की है।

यहां पुल बनने से आसपास की आधा दर्जन कालोनियों व इतने ही सेक्टर में रहने वाले लोगों को होगा। फिलहाल ग्रीनफील्ड क्षेत्र के लोगों को यदि दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग जाना हो तो एनएचपीसी रेलवे अंडरपास से आवागमन करना पड़ता है।

मानसून में सबसे अधिक दिक्कत होती है। इसलिए नई कनेक्टिविटी के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। बुढ़िया नाला कई सेक्टरों व काॅलोनियों को विभाजित करता है।

वर्षा में अंडरपास पर भरता है पानी

नगर योजनाकार विभाग से लाइसेंसशुदा कालोनियां ग्रीनफील्ड, चार्मवुड विलेज सहित अन्य कालोनियों के लोगों को यदि सेक्टर-45, 46, मेवला महाराजपुर, सेक्टर-21ए, बी, सी, डी आना-जाना हो तो सूरजकुंड रोड या फिर एनएचपीसी रेलवे अंडरपास का प्रयोग करना पड़ता है।

वर्षा के दौरान एनएचपीसी रेलवे अंडरपास में काफी पानी भर जाता है। इस वजह से अंडरपास को बंद कर दिया जाता है। प्राधिकरण के एसडीओ प्रेम प्रकाश ने बताया कि सलाहकार एजेंसी डीपीआर तैयार करेगी। इसके लिए टेंडर लगा दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *