हरिद्वार में 3 साल की बच्ची का अपहरण, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

कनखल क्षेत्र के बैरागी कैंप से तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। बच्ची को एक महिला और एक पुरुष अपने साथ ले गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को ठोकर नंबर-10 बैरागी कैंप निवासी विनोद सोलंकी की तीन वर्षीय पुत्री राधिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और एक पुरुष बच्ची को गोद में लेकर जाते दिखाई दिए। फुटेज में दोनों संदिग्ध एक टेंपो की ओर जाते नजर आ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान में जुटी है। संभावित मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच की जा रही है।

वहीं, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपहरणकर्ताओं की पहचान और तलाश की जा रही है। संदिग्धों के फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित किए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द उनकी पहचान कर बच्ची को सकुशल बरामद किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *