नैनीताल में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड: पहली बार पारा 31.5 डिग्री पार, होटलों और घरों में AC-पंखों की बढ़ी मांग
ठंडी जलवायु वाला हिल स्टेशन नैनीताल भविष्य में भी ठंडा बना रहेगा, ऐसा कहना मुश्किल है।
क्योंकि इस बार मई में यहां का पारा रिकार्ड 31.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जबकि मई में सामान्य अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहा करता है।
नैनीताल के लिहाज से मई साल का सर्वाधिक गर्म रहने वाला महीना माना जाता है। पूर्व में पारा 28 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं जाता था।
चिंताजनक यह है कि पिछले 10 वर्षों से मई माह में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने लगा है। इस वर्ष कई दिन अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।
तापमान में दिनों दिन बढ़ोतरी से मौसम विशेषज्ञों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इस बार मई जिस तरह गर्म रही है, वह हैरान करने वाली है।
मई के पहले पखवाड़े में वर्षा अधिकांश समय होने से तापमान में काफी कमी आ गई थी। कुछ दिन तापमान सामान्य से कम रहा तो ठंड भी महसूस होने लगी थी लेकिन दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही तापमान बढ़ने लगा।
इस कारण पहली बार गर्मी से लोग बेहाल भी रहे। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी अमित सिंह का कहना है कि नैनीताल का बढ़ता तापमान चिंता का कारण बनता जा रहा है।
बेहिसाब वाहनों से गर्मी बढ़ना स्वाभाविक है। हमें गर्मी बढ़ाने वाले कारकों को रोकना होगा।
दूसरी ओर नैनीताल के मौसम का जिसने 15-20 वर्ष पूर्व अनुभव किया हो, उसने शायद ही कभी पंखे और एसी की कल्पना की हो। मगर अब हालात बदल चुके हैं।
नगर के लगभग सभी होटलों में पंखे लगे चुके हैं। उच्च स्तरीय होटलों में एसी की सुविधा आम है। घरों में भी पंखे हर कमरे में लगने लगे हैं।
नैनीताल के पिछले 10 वर्षों में मई माह में अधिकतम तापमान की स्थिति
- 2017 – 29 डिग्री सेल्सियस
- 2018 -29 डिग्री सेल्सियस
- 2019 -30 डिग्री सेल्सियस
- 2020- 29 डिग्री सेल्सियस
- 2021 -27 डिग्री सेल्सियस
- 2022- 27 डिग्री सेल्सियस
- 2023 -29 डिग्री सेल्सियस
- 2024 -30.6 डिग्री सेल्सियस
- 2025- 27.2 डिग्री सेल्सियस
- 2026 -31.5 डिग्री सेल्सियस

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

