पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को निजी दौरे पर कुल्लू पहुंचे। सुबह दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिये भुंतर पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति का जिला प्रशासन की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गण्मान्य मौजूद रहे।
भुंतर पहुंचने के बाद पूर्व राष्ट्रपति सड़क मार्ग से मनाली के लिए रवाना हुए। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। बताया जा रहा है कि रामनाथ कोविंद दो दिनों तक कुल्लू जिले में प्रवास करेंगे और विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
आध्यात्मिक गुरु से मिले
अपने प्रवास के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज से भी मुलाकात की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें आध्यात्मिक विषयों और समाज हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जानकारी के अनुसार रामनाथ कोविंद सुधांशु महाराज के आश्रम में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
पूर्व राष्ट्रपति के कुल्लू आगमन को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने भी उनके आगमन का स्वागत किया है।
क्या कहता है प्रशासन
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार उनका दौरा पूरी तरह निजी है, हालांकि सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। दो दिवसीय प्रवास के दौरान उनके मनाली और आसपास के क्षेत्रों में भी कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है।


