खाने से होने बीमारियां जिसे हम बोलचाल में फूड पॉइजनिंग कहते हैं, एक ऐसी समस्या है जिसे अक्सर अनदेखा किया जाता है। जबकि फूड सेफ्टी आज के समय की जरूरत बन चुकी है। आइए ऐसी 6 खराब आदतों की बात करते हैं जो जाने-अनजाने में हम किचन में करते हैं और यही आगे चलकर हमारे बीमार होने का कारण बन सकती हैं।
सही से हाथ न धोना
किचन में जाने से पहले हाथ अच्छे से न धोना खाने तक बैक्टीरिया और वायरस पहुंचाने का एक रास्ता है। यह रास्ता खाद्य जनित बीमारियों को जन्म देता है। फोन से लेकर मीट-पोल्ट्री और त्वचा तक ऐसी बहुत सी चीजें हैं जिन्हें छूने के बाद तुरंत हाथ धोने की आवश्यकता होती है। हमेशा खाना पकाना शुरू करने से पहले साबुन से 20-25 सेकंड तक हाथ धोने की आदत डालें।
कटिंग या चॉपिंग बोर्ड को क्लीन न रखना
क्या आप चॉपिंग बोर्ड को एक ही बार धोकर सारा दिन इस्तेमाल करते हैं? जानकारी के लिए बता दें कि इस आदत से साल्मोनेला (Salmonella) और ई. कोलाई (E. coli) जैसे बैक्टीरिया पनप सकते हैं। इसका सीधा कनेक्शन फूड पॉइजनिंग से है।
सब्जियों और फलों को बगैर धोए काटना
सब्जियां या फल बाजार से लाएं हो या फ्रीज में धोकर रखे हों, दोनों ही कंडीशन में उन्हें काटने से पहले धोना आवश्यक है। सबसे जरूरी बात इन्हें किसी बर्तन में रखे पानी से धोने के बजाय सीधे नल से धोएं ताकि हानिकारक तत्व निकाल जाएं।
कच्चे मीट को धोना
अगर आप मीट पकाने से पहले उसे धोते हैं तो आप किचन में बैक्टीरिया को जन्म दे रहे हैं। कच्चे मीट में साल्मोनेला (Salmonella) और कैंपिलोबैक्टर (Campylobacter) जैसे हानिकारक बैक्टीरिया मौजूद होते हैं जो धोने पर सिंक के आसपास करीब तीन फीट तक फैल सकते हैं। बता दें कि कच्चे मीट में से बैक्टीरिया मारने का तरीका उसे सही तापमान पर पकाना है।
स्पंज को साफ न रखना
एक ही स्पंज का लंबे समय तक इस्तेमाल या गंदे स्पंज से बर्तन धोना हानिकारक साबित हो सकता है, क्योंकि ऐसे स्पंज में बैक्टीरिया, फंगस और खतरनाक वायरस पनप सकते है। यह किचन स्लैब तक फैलकर खाने को दूषित करते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है।
किचन स्लैब को साफ न रखना
कभी-कभी हम किचन स्लैब को साफ तो कर देते हैं लेकिन उसे अच्छे से सैनिटाइज करना भूल जाते हैं। यह आदत बैक्टीरिया को तो जन्म देती ही है, साथ ही कॉकरोच और चींटियों को बुलावा देती है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

