संत प्रेमानंद को हंसाने वाले जोजो-जानी आखिर 30 घंंटे बाद मिले, वृंदावन आए कलाकार राहुल मिश्रा के पपेट हुए थे गायब

3.1kViews
1329 Shares

संत प्रेमानंद के सामने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर मुग्ध करने वाले जोजो व जोनी चोरी हो गए। जोजो जानी के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले कलाकार राहुल मिश्रा ने जिस बैग में दोनों मुखौटों को रखा था, उस बैग को लेकर ई-रिक्शा चालक उस समय फरार हो गया। जबकि राहुल मिश्रा गेस्टहाउस में अपना कमरा बुकिंग करवाने के लिए अंदर गए और बाहर निकले तो ई-रिक्शा गायब था।

अपनी कला के मुखौटों को गायब होने से कलाकार राहुल मिश्रा बेचैन हो गए और उन्होंने पुलिस को शिकायत कर जोजो और जानी को खोजने की अपील की। इतने पर भी राहुल शांत नहीं बैठे और साथियों संग बाइक से रात में अपने जोजो व जानी की खोज में निकल पड़े।

रात एक बजे मिला रिक्शा

रात एक बजे उन्हें उस समय सफलता हाथ लगी, जबकि बांकेबिहारी मंदिर के समीप रिक्शा चालक मिल गया। जिसने बैग घर में रखा था, रिक्शा चालक ने रात तीन बजे घर से सकुशल जोजो और जानी राहुल मिश्रा के सिपुर्द कर दिए। राहुल ने बैग बरामद कर पुलिस को सूचना दी। लेकिन, ई-रिक्शा चालक के खिलाफ कार्रवाई से इनकार कर दिया।

जोजो-जानी का बैग लेकर गुरुवार की रात फरार हुआ था ई-रिक्शा चालक

विदित हो गुरुवार की रात लगभग दस बजे जयपुर के कलाकार राहुल मिश्रा अपने साथियों के साथ पुरुषोत्तम मास में परिक्रमा करने को आए और ई-रिक्शा से प्रेममंदिर के सामने गेस्टहाउस में कमरा बुक करने अंदर चले गए। लेकिन, अपना बैग जिसमें जोजो व जानी रखे थे, रिक्शा में ही छोड़ गए।

कमरा बुक कर जैसे ही राहुल मिश्रा बाहर निकले तो उनके होश उड़ गए, रिक्शा चालक गायब था। राहुल मिश्रा साथियों संग रिक्शा को तलाशने लगे। दोपहर तक जब रिक्शा नहीं मिला, तो कोतवाली में तहरीर देकर रिक्शा चालक की तलाश की अपील पुलिस से की।

राहुल मिश्रा ने बाइक से तलाशा रिक्शा चालक

शनिवार को कलाकार राहुल मिश्रा ने बताया पुलिस से शिकायत के साथ हमने अपने प्रयास बंद नहीं किए और रात दस बजे गेस्टहाउस प्रबंधक पिंटू की सलाह पर उनसे दो बाइक लीं और चार साथी अलग-अलग रूट पर रिक्शा चालक की तलाश में जुट गए। दूसरी बाइक पर चल रहे साथियों को रिक्शा प्रेममंदिर के समीप से गुजरते हुए रात बारह बजे मिला। हमें सूचना देकर वे इसका पीछा करने लगे। ई-रिक्शा चालक रात एक बजे बांकेबिहारी मंदिर के समीप जाकर रुका, जब तक कलाकार राहुल भी मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा चालक को पहचान लिया।

बैग घर पर रखकर आया था रिक्शा चालक

जब रिक्शा चालक से बैग के बारे में पूछा ताे बताया बैग घर पर रख दिया है। इसके बाद रिक्शा चालक ऐसे सुनसान क्षेत्र में लेकर पहुंचा, जहां पहुंचने में लोगों को डर लगे और रात तीन बजे का समय हो चुका था। रिक्शा चालक ने कमरे में तिरपाल के अंदर छिपाकर बैग रखा था। बैग में जोजो और जानी सुरक्षित देख राहुल मिश्रा को राहत महसूस मिली।

रिक्शा चालक ने मांगी माफी

ई-रिक्शा चालक ने माफी मांगी तो राहुल मिश्रा ने किसी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया और पुलिस को जानकारी देने के साथ अपने मुखौटे लेकर राहुल मिश्रा गंतव्य को चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *