“Vaibhav Suryavanshi हैं बिहार के सबसे बड़े PR एंबेसडर” – मशहूर स्पोर्ट्स एंकर भी हुईं फैन!

Vaibhav Suryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया और खूब सुर्खियां बटोरीं। आईपीएल के 19वें सीजन में ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव के इस बार चर्चा की वजह उनका बल्ला नहीं, बल्कि देश की मशहूर स्पोर्ट्स एंकर रिद्धिमा पाठक का एक वायरल वीडियो है, जिसमें उन्होंने वैभव को बिहार का अब तक का सबसे बड़ा ‘पीआर एंबेसडर’ करार दिया है।

रिद्धिमा पाठक भी हुईं वैभव की दीवानी

दरअसल, सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे इस वीडियो में रिद्धिमा ने ‘बिहारी पहचान’ को लेकर अपने कुछ बेहद निजी अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब स्कूल और कॉलेज के दिनों में कई लोग खुद को बिहारी बताने से झिझकते थे।

उनके मुताबिक, समाज में बिहार को लेकर बनी कुछ नकारात्मक धारणाओं के कारण युवाओं को अक्सर असहज होना पड़ता था। उन्होंने आगे कहा कि वक्त बदला और कुछ ऐसी चीजें हुईं जिन्होंने पूर्वी भारत के युवाओं का खोया हुआ आत्मविश्वास जगाने का काम किया।

रिद्धिमा ने उदाहरण देते हुए बताया कि महेंद्र सिंह धोनी की अभूतपूर्व लोकप्रियता और ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसी फिल्मों ने युवाओं के भीतर एक नया गर्व जगाया। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि धोनी का शहर रांची और वासेपुर दोनों मौजूदा समय में झारखंड में हैं, इसलिए उस दौर की सकारात्मक पहचान का बड़ा हिस्सा झारखंड के खाते में चला गया।

बिहार को अपना ‘आइकन’

रिद्धिमा के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी ने इस कमी को पूरा कर दिया है और वे आज के बिहार का नया चेहरा बनकर उभरे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि वैभव एक ऐसे प्लेयर हैं, जिनकी पहचान पूरी तरह बिहार से जुड़ी है।

वीडियो में उन्होंने जोर देकर कहा कि वैभव की उपलब्धियां सिर्फ खेल के मैदान तक सीमित नहीं हैं। वे असल में बिहार की नई पीढ़ी की उम्मीदों, उनकी असीम प्रतिभा और बदलते दौर की संभावनाओं का प्रतीक हैं।

कौन हैं रिद्धिमा पाठक?

रिद्धिमा पाठक देश की जानी-मानी स्पोर्ट्स प्रेजेंटर, एंकर और वॉयस-ओवर आर्टिस्ट हैं। वह क्रिकेट, फुटबॉसल और बास्केटबॉल समेत कई बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुकी हैं। उनकी आईपीएल, आईसीसी टूर्नामेंट और बाकी इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में एंकरिंग को काफी पसंद किया जाता है। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद कॉर्पोरेट क्षेत्र की नौकरी छोड़ स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में कदम रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *