बिहार के 6 जिलों में Heat Wave Alert! अगले 5 दिन झुलसाएगी भीषण गर्मी Weather Update

Rising Temperature : मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार में प्रचंड गर्मी का दौर अभी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक क्षेत्र में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में हीट वेव का खतरा

मौसम विभाग ने बेगूसराय, समस्तीपुर, सारण, सिवान, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। गुरुवार और शुक्रवार को इन क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बनने की आशंका है। लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

उमस और गर्म हवाएं बढ़ाएंगी परेशानी

पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। अधिकांश क्षेत्रों में आठ से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 75 प्रतिशत तथा शाम में 20 से 25 प्रतिशत रहने की संभावना है। बढ़ी हुई नमी और गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है।

बुधवार को झुलसाने वाली रही गर्मी

मंगलवार और बुधवार को भी तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही गर्मी का असर दिखने लगा था। दोपहर में कुछ समय के लिए बादल छाए, लेकिन हवा नहीं चलने से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को शुष्क मौसम का लाभ उठाने की सलाह दी है। खेतों में उपलब्ध नमी को देखते हुए खरीफ मक्का की बुआई शुरू करने की अनुशंसा की गई है। साथ ही खरीफ प्याज की नर्सरी तैयार करने, उसमें गोबर की खाद डालने तथा अदरक की बुआई करने की सलाह दी गई है।

मूंग और उड़द की तैयार फलियों की तुड़ाई कर उनके पौधों को खेत में खाद के रूप में मिट्टी में मिलाने की भी सलाह दी गई है। इससे आगामी फसलों को बेहतर पोषण मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *