UPPSC डेंटल सर्जन स्क्रीनिंग परीक्षा-2025 की संशोधित योजना जारी, तीन अंक के होंगे प्रश्न

5.2kViews
1660 Shares

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत डेंटल सर्जन के 157 पदों पर होने वाली स्क्रीनिंग परीक्षा-2025 की संशोधित परीक्षा योजना जारी की है। यह परीक्षा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है। पहले 10 मार्च को पाठ्यक्रम एवं परीक्षा योजना घोषित की गई थी, जिसमें हर प्रश्न एक अंक का था। इसे अब संशोधित कर तीन अंक का कर दिया गया है।

दो घंटे की होगी परीक्षा

संशोधित योजना के अनुसार परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल पूर्णांक 450 निर्धारित किया गया है और इसके लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक गलत उत्तर पर निर्धारित अंकों का एक-तिहाई यानी 0.33 अंक काटे जाएंगे।

दो भागों में विभाजित रहेगा प्रश्नपत्र

संशोधित योजना के अनुसार प्रश्नपत्र दो भागों में विभाजित रहेगा। पहले भाग में सामान्य अध्ययन से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 150 अंक निर्धारित किए गए हैं। दूसरे भाग में डेंटल सर्जन पद से संबंधित विषयों के 100 प्रश्न होंगे, जिनके लिए 300 अंक तय किए गए हैं। इस प्रकार दोनों भागों को मिलाकर कुल 150 प्रश्न और 450 अंक होंगे।

पाठ्यक्रम पूर्व में जारी विज्ञापन के अनुसार यथावत

आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा, जिसके लिए 50 अंक निर्धारित हैं। पूर्व की योजना में पहले भाग में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की संख्या 30 और दूसरे भाग में विषयपरक प्रश्नों की संख्या 120 थी। उपसचिव गौरव रंजन श्रीवास्तव के अनुसार डेंटल सर्जन स्क्रीनिंग परीक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम पूर्व में जारी विज्ञापन के अनुसार यथावत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *