30 जून तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर 100 प्रतिशत ब्याज माफ, सोनीपत निगम ऑफिस में उमड़ी लोगों की भीड़

1288 Shares

 छुट्टी के बावजूद नगर निगम कार्यालय खोलकर प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के निगम के प्रयास सफल होता नजर आ रहा है। शहरी स्थानीय निकाय की ओर से 100 प्रतिशत ब्याज माफी योजना का लाभ लेने के लिए नगर निगम कार्यालय में लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

दो दिन में 32.82 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा

योजना को लेकर 30 जून अंतिम तिथि होने के कारण छुट्टी के दिन भी नगर निगम कार्यालय खोला गया। जिसके बाद शनिवार और रविवार को कुल 436 प्रॉपर्टी मालिकों ने 32.82 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया। सोमवार को भी सरकारी छुट्टी के बावजूद कार्यालय खुला रहेगा।

शनिवार को जहां 126 लोगों ने नगर निगम में पहुंच कर 10.26 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया था। वहीं, रविवार को नगर निगम कार्यालय में 200 लोगों ने 17.56 लाख रुपये नकद जमा किए, जबकि 110 लोगों ने 5.22 लाख रुपये ऑनलाइन टैक्स का भुगतान किया।

100 करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स बकाया

इस तरह रविवार को कुल 310 लोगों ने 22.78 लाख रुपये का टैक्स जमा कराया। नगर निगम की ओर से चालू वित्त वर्ष में 40 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, ब्याज माफी योजना शुरू होने के बाद अब तक पांच करोड़ रुपये से अधिक का बकाया टैक्स जमा हो चुका है।

शहर में प्रॉपर्टी मालिकों पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है। करीब 65 प्रतिशत प्रॉपर्टी धारक समय पर टैक्स जमा नहीं करते। नगर निगम क्षेत्र में 75,484 रिहायशी प्रॉपर्टी, 43,110 प्लाट, 10,927 व्यावसायिक भवन तथा 8,583 मिश्रित उपयोग भवन हैं। पिछले 11 वर्षों में निगम केवल एक बार ही निर्धारित लक्ष्य हासिल कर पाया है। इस बार निगम अब तक 15 करोड़ रुपये ही जुटा पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *