नवाबगंज कोचिंग संस्थान में संचालक का संदिग्ध अवस्था में शव मिला, IPL मैच देखने की बात कहकर रुके थे

4.3kViews
1351 Shares

 नवाबगंज स्थित बंद कम्प्यूटर काेचिंग संस्थान में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में संचालक का शव मिला। उनके आंख के ऊपर चोट का निशान और मुंह से खून निकलता हुआ पाया गया। इलाकाई लोगों की सूचना पर डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी समेत फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

स्वजन ने बताया आइपीएल मैच के चलते उन्होंने रात में घर न आने की बात कही थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस कोचिंग संस्थान के शिक्षकों और छात्रों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है।,

नवाबगंज थानाक्षेत्र के आजाद नगर स्थित आजाद पार्क के पास डाटा एक्सपर्ट कम्प्यूटर कोचिंग संस्थान है। जिसका संचालन यशोदा नगर के-ब्लाक निवासी 47 वर्षीय प्रकाश चंद्र गुप्ता करते थे। वह एक दशक से अधिक समय से इस कोचिंग संस्थान का संचालक कर रहे थे। सोमवार सुबह छात्र कोचिंग पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।

काफी खटखटाने के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव,एडीसीपी डा.अर्चना सिंह,एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर प्रकाश का शव पड़ा मिला। उनके आंख के ऊपर चोट का निशान था वहीं मुंह से खून निकल रहा था।

स्वजन को जब घटना की जानकारी दी गई तो उन्होंने बताया कि रविवार रात प्रकाश ने आइपीएल मैच देखने की वजह से घर न आने की बात कही थी। इस पर वह निश्चिंत थे। उनके मौत की खबर सुनकर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। कोचिंग संस्थान के शिक्षकों और छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *