नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवा सूर्य मंदिर के समीप सोमवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक अनियंत्रित डंपर ने स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कौशिक दुलारपुर गांव निवासी नीतू देवी के रूप में की गई है। वह सुधीर सिंह उर्फ टुना सिंह की पत्नी थीं। बताया जाता है कि उनके पति झारखंड पुलिस में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं। पति को भी चोटें आई हैं।
आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा करने लगे
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए तथा आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा करने लगे। लोगों ने दुर्घटना के लिए नो-एंट्री में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान गुस्साए लोगों ने पथराव कर डंपर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राज कुमार साह और नवादा थानाध्यक्ष विपिन बिहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए हैं।
घर से बाजार जाते समय हुआ हादसा
बताया जाता है कि दरोगा सुधीर कुमार सिंह स्कूटी से अपनी पत्नी नीतू देवी को लेकर घर से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान चंदवा सूर्य मंदिर के समीप डंपर की चपेट में आने से नीतू देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए।
हादसे के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरा-बक्सर बाईपास रोड को जाम कर जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर सबसे पहले नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लोग नो-एंट्री के बावजूद बामपाली के रास्ते शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश को लेकर खासे नाराज दिखे। बाद में सदर एसडीपीओ राजकुमार साह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।


