पूर्वी चंपारण में मुहर्रम के अवसर पर रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 576 जगहों पर पुलिस की रहेगी तैनाती

1485 Shares

 मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस संदर्भ में समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी छह अनुमंडलों से शांति समिति के प्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों से मुहर्रम की तैयारियों और स्थानीय स्तर की समस्याओं की जानकारी ली। शांति समिति के सदस्यों ने आश्वासन दिया कि पूर्वी चंपारण की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी ताजिया समितियों को ताजिया की ऊंचाई सीमित रखने और डीजे का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम के दौरान जिले में चिन्हित 576 स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। इनमें मोतिहारी में 181, ढाका में 129, पकड़ीदयाल में 48, अरेराज में 59, चकिया में 105 तथा रक्सौल में 54 स्थान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला एवं अनुमंडल स्तर पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस कोई जुलूस नहीं निकाला जाएगा। जुलूसों को निर्धारित मार्ग और समय का पालन करना होगा। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर है। बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, नगर आयुक्त आशीष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति की ओर से उपमहापौर डा. लालबाबू प्रसाद गुप्ता, अंजुमन इस्लामिया की तरफ से परवेज सहित शांति समिति के अन्य सभी सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *