नूंह में पुलिस ने एक साइबर ठग गिरोह का खुलासा किया है। लोगों को झांसे में लेकर बैंक खाते खरीदकर ठगी करने वाले शाहरुख, रितेश वर्मा, विजय कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल, 10 सिम कार्ड और 11 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध नूंह जिला के साइबर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद को शनिवार को गुप्त सूचना मिली कि सदर थानांर्तगत गांव नाहरिका का शाहरुख लोगों से ऑनलाइन साइबर ठगी का अवैध काम करता है।
बताया गया कि यह लोगों से उनके बैंक खाते खरीदता है और ठगी की राशि को उनके बैंक खाते में डलवाकर उनको कमीशन देकर निकलवाता है। इसका विज्ञापन सोशल मीडिया पर डालता है ताकि वह सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा बैंक खाते खरीद सके।
सूचना के आधार पर बताई गई जगह पर उन्होंने दबिश दी। जैसे ही शाहरुख के पास दो युवक अपने बैंक खाते बेचने के लिए आए तो पुलिस ने तुरंत तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर इन दोनों युवकों ने अपने नाम रितेश वर्मा निवासी टुकरिया तोला थाना कुलगामा, मध्य प्रदेश और विजय कुमार वर्मा निवासी अहीरण पुरवा, थाना जहांगीराबाद, बाराबांकी, उत्तर प्रदेश बताया।
वहीं, इनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और 11 एटीएम कार्ड बरामद किए। पुलिस ने इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है।


