गांव खांडसा के समीप दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक पिकअप वाहन खराब होने से शनिवार दोपहर लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते जाम करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गया जिससे हाईवे पर याताया प्रभावित रहा। भीषण गर्मी के बीच करीब 40 मिनट तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर चल रही एक पिकअप अचानक खराब हो गई। वाहन सड़क पर ही खड़ा हो जाने के कारण पीछे वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में जाम खेड़की दौला के समीप से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर तक पहुंच गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं और यातायात रेंग-रेंग कर आगे बढ़ता रहा।
जाम खुलवाने के लिए एनएचएआई कर्मी और न ही ट्रेफ़िक पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के लिए नजर आए। समय पर व्यवस्था नहीं होने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। भीषण गर्मी में लोग अपने वाहनों में फंसे रहे और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


