सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी बॉक्स ऑफिस की हिट मशीन कही जाती है। दोनों ने एक साथ ‘घातक’ और ‘दामिनी’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है। अब इस डायरेक्टर और एक्टर की जोड़ी की अगली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
हाल ही में अपनी इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान निर्देशक राजकुमार संतोषी ने बताया कि साल 1993 में रिलीज हुई कल्ट क्लासिक फिल्म ‘दामिनी’ और ‘घातक’ दोनों के लिए ही सनी देओल कभी भी पहली च्वाइस नहीं थे। इन फिल्मों में उनके किरदार किसी अन्य एक्टर्स के लिए लिखे गए थे।
दामिनी’ में यह दिग्गज एक्टर बनने वाला था वकील
‘फीवर एफएम’ से खास बातचीत करते हुए राजकुमार संतोषी ने बताया कि कल्ट क्लासिक फिल्म ‘दामिनी’ में वकील ‘गोविंद’ का किरदार उन्होंने दिवंगत एक्टर ओम पुरी को ध्यान में रखकर लिखा था। इतना ही नहीं, सुपरहिट फिल्म ‘घातक’ भी सनी देओल की झोली में किस्मत से आई थी, क्योंकि निर्देशक उस फिल्म में कमल हासन को कास्ट करना चाहते थे।
राजकुमार संतोषी ने उस समय को याद करते हुए कहा, “दामिनी में सनी सर को नहीं होना था, बल्कि ओम पुरी होते। मैं चाहता था कि ओम पुरी वकील की भूमिका निभाएं और कोर्ट सीन में उनका सामना अमरीश पुरी के किरदार से हो। लेकिन किसी कारणवश ओम पुरी और प्रोडक्शन हाउस के बीच बात नहीं बनी, तो हम सोचने लगे कि अब आगे क्या करें।”
सनी देओल ने सपोर्टिंग रोल को भी ऐसे बनाया आइकॉनिक
राजकुमार संतोषी ने इस बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कहा, “घायल के बाद मैं सनी देओल के साथ कुछ और इंटरेस्टिंग करना चाहता था। फिर मेरे दिमाग में आया कि ‘दामिनी’ के किरदार को लेकर ही एक चांस लेते हैं और उनसे बात करते हैं। अच्छी बात यह थी कि सनी देओल को यह बात पता थी कि ‘दामिनी’ की कहानी मीनाक्षी शेषाद्री के इर्द-गिर्द घूमती है और फिल्म में उनका रोल एक सपोर्टिंग एक्टर का है। इसके बावजूद सनी ने बिना किसी हिचकिचाहट के वकील वाले किरदार के लिए हां कह दिया।”
निर्देशक ने आगे कहा, “मुझे इस फिल्म का उद्देश्य बहुत अच्छी तरह से मालूम था। ‘घायल’ सनी के लिए थी और ‘दामिनी’ मीनाक्षी शेषाद्री के लिए। जब मैंने सनी को उनका रोल बताया, तो उन्होंने कहा कि मैं यह करने के लिए तैयार हूं।”
आखिरकार राजकुमार संतोषी ने सनी देओल के साथ यह फिल्म बनाई। यह मूवी न सिर्फ हिंदी सिनेमा की कल्ट क्लासिक फिल्मों में शामिल हुई, बल्कि इसका एक डायलॉग “तारीख पे तारीख” आज भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। यह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा सराही जाने वाली फिल्मों में से एक है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

