हिमाचल में दिनदहाड़े 40 वर्षीय महिला को उठा ले गया तेंदुआ, लोगों का शोर सुन खाई में फेंककर भागा

 हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सराज विधानसभा क्षेत्र के थाची में तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर भागे। तेंदुआ महिला को पहाड़ तक घसीटता हुआ ले गया। शोर सुनकर तेंदुआ महिला को ढांक पर छोड़कर जंगल में ओझल हो गया। घायल महिला की पहचान 40 वर्षीय टिक्मू देवी पत्नी पीरू राम के रूप में हुई है।

मायके से ससुराल लौट रही थी महिला

बताया जा रहा है कि थाची में दिन में भी तेंदुआ पेड़ पर देखा गया था। देर शाम को टिक्मू देवी मायके ड़ाबणू से ससुराल लौट रही थी। मायके से ससुराल की दूरी 500 मीटर की है और बीच में जंगल है। जैसे ही वह ससुराल के घर के पास पहुंची तो लोगों ने उसकी चीख सुनी। लोग मौके पर पहुंचे तो वहां खून के धब्बे मिले।

लोगों का शोर सुनकर महिला को छोड़कर भागा खूंखार

ग्रामीणों को यह समझने में जरा भी देरी नहीं लगी कि महिला को तेंदुआ उठा ले गया है। लोग शोर मचाकर उसे तलाशने लगे तो तेंदुआ महिला को ढांक में फेंककर भाग गया। देर रात को स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को ढांक से निकालना शुरू किया। महिला को स्थानीय अस्पताल में उपचाराधीन किया गया है।

लोगों में दहशत

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी बढ़ रही है। इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *