बोकारो में एसीबी का छापा, बालीडीह थाने का एएसआई 5000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

6.3kViews
1856 Shares

 एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बोकारो जिले के बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस पदाधिकारी को धनबाद स्थित एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां पूछताछ जारी है।

जमीन विवाद की जांच के दौरान मांगी थी घूस

मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने मखदुमपुर इलाके में 13 डिसमिल जमीन लूट और धमकी दिए जाने के मामले में बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह को लिखित आवेदन दिया था। मामले की जांच एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी। आरोप है कि जांच के नाम पर एएसआई ने शिकायतकर्ता से खर्चा-पानी के लिए 5000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

पीड़ित ने रांची एसीबी मुख्यालय में की शिकायत

रिश्वत नहीं देने की इच्छा होने पर पीड़ित ने रांची स्थित एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी अधिकारियों ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

फल दुकान के सामने जाल बिछाकर दबोचा

मंगलवार को तय समय पर शिकायतकर्ता ने नया मोड़ के सामने अजय कुमार की फल दुकान के पास एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5000 रुपये दिए। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *