“वो पहला ग्लोबल स्टार जिसने…” इंग्लैंड में 15 साल के Vaibhav Suryavanshi का धमाल Jos Buttler ने की तारीफ

 वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करके न सिर्फ रिकॉर्ड्स बुक को हिलाया बल्कि दुनियाभर में अपनी फैन फॉलोइंग भी बढ़ाई। 15 साल के क्रिकेटर का डंका इंग्‍लैंड में भी बज रहा है, जिसके बारे में पूर्व तेज गेंदबाज स्‍टुअर्ट ब्रॉड और जोस बटलर ने बताया।

बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। गुजरात टाइटंस के अनुभवी विकेटकीपर बल्‍लेबाज जोस बटलर ने स्‍टुअर्ट ब्रॉड के साथ पोडकास्‍ट में बातचीत करते हुए कहा कि वैभव ने अविश्‍वसनीय काम किया।

वैभव पर दबाव

जोस बटलर ने बताया कि राजस्‍थान रॉयल्‍स के मालिक मनोज बडाले से वैभव सूर्यवंशी के बारे में उनकी बातचीत हुई। इंग्‍लैंड के ओपनर यह जानकर दंग रह गए कि कोलकाता में ईडन गार्डन्‍स पर आधे से ज्‍यादा दर्शक वैभव सूर्यवंशी के फैंस थे।

बटलर ने कहा, ‘वैभव का भारत में प्रभाव बहुत ज्‍यादा है। उसके बारे में हर कोई बात कर रहा है। मनोज बडाले से मेरी इस बारे में बात हुई और मैं जानकर हैरान रह गया कि ईडन गार्डन्‍स पर आधे से ज्‍यादा फैंस उन्‍हें देखने आए थे। 15 साल की उम्र में इतना दबाव सोच‍िए जरा। आप बस से उतरे और इसे देखें। मगर वैभव ने इसे अच्‍छी तरह सोख लिया।’

उन्‍होंने आगे कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी जब बल्‍लेबाजी करते हैं तो मुझे पता नहीं कि राजस्‍थान रॉयल्‍स ने यह किया या नहीं, लेकिन उनके लिए एक गीत बना हुआ है, कोई सूर्यवंशी गाना। जब वो शॉट मारता है तो स्‍टेडियम में वो गीत बजता है।’

इंग्‍लैंड में खेलते देखने की ख्‍वाहिश

जोस बटलर ने वैभव सूर्यवंशी को इंग्‍लैंड में खेलते देखने की उत्‍सुकता जताई। उन्‍होंने कहा कि वो निकट भविष्‍य में सूर्यवंशी को इंग्‍लैंड में खेलते देखना चाहते हैं तो साथ ही वो खुद को परिस्थितियों में कैसे ढालते हैं, यह देखना दिलचस्‍प होगा।

बटलर ने कहा, ‘मैं वैभव को इंग्‍लैंड में खेलते देखना चाहूंगा। इस खिलाड़ी को लेकर काफी हलचल है और मैं भी इसे यहां खेलते हुए देखना चाहता हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *