अमृतसर के शहीदां साहिब गुरुद्वारे में टेंट में लगी आग, चार दिन में दूसरा हादसा; श्रद्धालु बाल-बाल बचे

 भीषण गर्मी के बीच अमृतसर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी शहीद गंज साहिब (शहीदां साहिब) में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए अस्थायी टेंट में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में हड़कंप पैदा कर दिया।

हालांकि मौके पर मौजूद सेवादारों और संगत की तत्परता के चलते आग को समय रहते काबू में कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी भी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार बढ़ती गर्मी और तेज धूप से राहत देने के लिए गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं के बैठने हेतु अस्थायी टेंट लगाया गया था।

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ेंबुधवार दोपहर अचानक टेंट के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें फैलने लगीं। परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों की ओर भेजना शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादार तुरंत सक्रिय हो गए। सेवादारों ने प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। संगत ने भी बाल्टियों और अन्य साधनों से आग बुझाने में सहयोग किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के समय परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। यदि आग तेजी से फैलती तो हालात गंभीर हो सकते थे। प्रारंभिक जांच में गर्मी और बिजली संबंधी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

रविवार गिरी थी लंगर हॉल की शटरिंग

गौरतलब है कि इसी गुरुद्वारा साहिब में बीते दिनों भी बड़ा हादसा हुआ था। लंगर हाॅल की शटरिंग गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए थे। उस घटना के बाद सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पहले ही सवाल उठ रहे थे। अब चार दिन के भीतर दूसरी घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता और बढ़ गई है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली संबंधी प्रबंधों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं प्रशासन और प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *