भिवानी में पर्यावरण से खिलवाड़, तिगड़ाना-धनाना मार्ग पर हरे-भरे पेड़ों में लगाई आग; कार्रवाई की मांग

1769 Shares

 भिवानी-जींद रोड (एनएच-709ए) पर गांव तिगड़ाना से धनाना मोड़ के बीच हरे-भरे पेड़ों में आग लगाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व जिला पार्षद ईश्वर सिंह मान ने इस संबंध में उपायुक्त भिवानी और वन विभाग को लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ईश्वर मान ने बताया कि हाल ही में आई आंधी-तूफान के कारण सड़क किनारे बड़ी संख्या में सफेदे और अन्य प्रजातियों के विशाल पेड़ गिर गए थे। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों और भू-माफियाओं ने इन गिरे हुए पेड़ों को आग लगाकर नष्ट करना शुरू कर दिया, जिससे आधे से अधिक पेड़ जलकर राख हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्यावरण पर सीधा हमला है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला भी है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अधजले और सड़क पर झुके पेड़ों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और किसानों के लिए बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। मान ने प्रशासन और वन विभाग की लापरवाही पर चिंता जताते हुए मांग की कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क किनारे पड़े अधजले पेड़ों को तुरंत सुरक्षित तरीके से हटाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *