हापुड़ में बालाजी मंदिर के बाहर मांस से भरा कट्टा मिला, जांच में जुटी पुलिस; हिंदू संगठनों में नाराजगी

1815 Shares

नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित बालाजी मंदिर के बाहर मांस से भरा कट्टा मिलने से बुधवार को क्षेत्र में सनसनी फैल गई। धार्मिक स्थल के ठीक बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में कट्टा पड़ा मिलने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कट्टे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

जांच के लिए भेजा गया मांस
मंदिर के बाहर कट्टा पड़ा देखकर पहले तो, लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब उसमें मांस होने की जानकारी हुई तो, मामला और गंभीर हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कट्टे को कब्जे में लेकर उसके अंदर मिले मांस को जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

धार्मिक स्थल के बाहर इस तरह कट्टा कौन फेंककर गया, पुलिस इसकी पड़ताल में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कट्टा किस रास्ते से यहां लाया गया और इसे मंदिर के बाहर किस समय फेंका गया। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *