Indian Railways का बड़ा फैसला : प्रयागराज में पुरानी GDCE भर्तियां रद, अब नए पैटर्न पर शुरू होगी प्रक्रिया

उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने विभागीय पदोन्नति की आस लगाए बैठे सैकड़ों रेल कर्मचारियों को बड़ा झटका दिया है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज ने एक आधिकारिक नोटिस जारी करते हुए साल 2019 और 2023 में निकाली गई ‘जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन’ (जीडीसीई) की अधिसूचनाओं को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। रेलवे के इस फैसले से सालों से परीक्षा का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के बीच खलबली मच गई है।

क्यों लिया गया यह निर्णय?

रेलवे बोर्ड के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम परीक्षाओं के सिलेबस और एग्जाम पैटर्न में आमूल-चूल बदलाव के कारण उठाया गया है। दरअसल, रेलवे बोर्ड ने मार्च 2025 और मार्च 2026 में जारी अपने पत्रों (संख्या E(NG)I/2025/PM1/3) के माध्यम से यह तय किया है कि अब विभागीय परीक्षाएं एक नए और आधुनिक मापदंड पर आयोजित की जाएंगी। पुराने विज्ञापनों का स्वरूप इस नए ढांचे में फिट नहीं बैठ रहा था, जिसके चलते उन्हें रद करना अनिवार्य हो गया।

रद हुई भर्तियों का विवरण

नोटिस के अनुसार, निम्नलिखित दो प्रमुख भर्तियों पर अब ‘कैंसिल’ की मुहर लग चुकी है।
GDCE 01/2019 : यह विज्ञापन करीब सात साल पहले 21 अक्टूबर 2019 को जारी किया गया था।
GDCE 01/2023 : यह विज्ञापन 03 अगस्त 2023 को निकाला गया था।
इन भर्तियों के माध्यम से विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणियों में पदों को भरा जाना था, लेकिन लंबे समय तक लटके रहने और अब नियमों में बदलाव के कारण इनका अस्तित्व समाप्त कर दिया गया है।

रेलवे कर्मचारियों के लिए निराशाजनक

विभागीय परीक्षाओं में शामिल होने वाले कर्मचारियों के लिए यह खबर निराशाजनक है, क्योंकि कई कर्मी सालों से इसकी तैयारी कर रहे थे। हालांकि, रेलवे ने उम्मीद की एक खिड़की भी खुली रखी है। चेयरमैन आरआरसी द्वारा हस्ताक्षरित इस नोटिस में कहा गया है कि संशोधित नियमों के आधार पर नई अधिसूचना नियत समय में जारी की जाएगी।

नई तैयारी के संकेत

जानकारों का मानना है कि रेलवे अब पूरी भर्ती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में बढ़ रहा है। नया सिलेबस न केवल आधुनिक कार्यप्रणाली पर आधारित होगा, बल्कि इसमें ‘कवच’ जैसे सुरक्षा प्रणालियों और आधुनिक सिग्नलिंग से जुड़े सवाल भी प्रमुखता से शामिल किए जा सकते हैं।

आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें अभ्यर्थी

फिलहाल, रेलवे ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और नियमित अपडेट के लिए भर्ती प्रकोष्ठ की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcpryj.org को चेक करते रहें। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि रेलवे प्रशासन नया नोटिफिकेशन कब तक जारी करता है और उसमें पात्रता की शर्तें क्या होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *