सिरसा में मुथुट फिनकार्प के कर्मचारियों पर सोना हड़पने का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

 जिले के गांव जोगीवाला निवासी एक महिला ने गोल्ड लोन के नाम पर कथित धोखाधड़ी कर 45 ग्राम सोना हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है।

महिला ने मुथुट फिनकार्प की सांगवान चौक स्थित शाखा के शाखा प्रबंधक और एक डेवलपमेंट आफिसर पर साजिश के तहत उसके गहनों पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर लोन करने तथा बाद में धमकियां देने के आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता सुमन ने बताया कि घरेलू जरूरतों के चलते उसने अपने स्त्रीधन के रूप में रखे करीब 45 ग्राम सोने के गहनों पर पहले आइडीएफसी फर्स्ट बैंक से करीब 2.11 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था।

कुछ समय बाद अधिक रुपयोंं की जरूरत पड़ने पर वह अपने भाई के साथ सांगवान चौक स्थित एक बैंक में जानकारी लेने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक डेवलपमेंट आफिसर ने उन्हें मुथुट फिनकार्प से अधिक राशि का लोन दिलाने का भरोसा दिया।

महिला का आरोप है कि दोनों आरोपित उसे बहला-फुसलाकर अपनी शाखा में ले गए और पहले बैंक से उसका गोल्ड निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि इसके बाद उससे खाली चेक और कई खाली कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए।

महिला के अनुसार आरोपितों ने उसे बताया कि उसके नाम पर 2.58 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हो गया है, जबकि उसे केवल 18 हजार रुपये खाते में और 12 हजार रुपये नकद दिए गए।

महिला ने शिकायत में कहा कि कई माह तक बैंक कर्मी उसे सर्वर समस्या और अन्य बहाने बनाकर टालते रहे। बाद में उसे पता चला कि उसके सोने पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर लोन किया गया है।

आरोप है कि जब उसने पूरी राशि लौटाकर अपना सोना वापस मांगना चाहा तो आरोपितों ने गाली-गलौज की और जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसके दामाद के खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दी और बाद में समझौते के नाम पर रुपये मांगने लगे।

महिला ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसका सोना और हस्ताक्षर किए गए खाली चेक व दस्तावेज वापस दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *