गंगोत्री विधानसभा के सीमांत ग्रामसभा हर्षिल की बीएलओ मिंटू देवी के लिए शनिवार को दिन खास था। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उनके सामने थे। सवाल-जवाब ऐसे कि कोई भी आश्चर्यचकित हो जाए।
हाईस्कूल पास आंगनबाड़ी सहायिका मिंटू देवी जरा भी असहज नहीं हुईं। पूरे आत्मविश्वास के साथ उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुख्य चुनाव आयुक्त के हर सवालों के जवाब दिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त दंग
स्मार्ट फोन में तेज गति से चलती उनकी उंगलियों को देखकर मुख्य चुनाव आयुक्त दंग रह गए। उन्होंने उनके तकनीकी कौशल की सराहना की और इसे अन्य के लिए प्रेरणा वाला कदम बताया।
मिंटू देवी ने निर्वाचन कार्य में आ रही स्मार्ट फोन से जुड़ी समस्या भी साझा की। उन्होंने कहा कि बाल विकास विभाग से उन्हें जो स्मार्ट फोन मिला है, उसके कई बार हैंग होने से कार्य में दिक्कत होती है।
मिंटू देवी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को बताया कि बीएलओ ऐप के आने के बाद काम काफी सरल हो गया है। इसमें नए वोटर जोड़ने सहित वोटरों को शिफ्ट करने सहित सभी कार्य आनलाइन किए जाते हैं।
पहले काफी सारे दस्तावेजों को संभालना पड़ता था। उन्होंने बताया कि उनकी ग्राम सभा में कुल 107 मतदाता है, एसआइआर के तहत वह अब तक 83 मतदाताओं की मैपिंग कर चुकी है। घर-घर जाकर सत्यापन कार्य भी चालू है, जिसमें वर्ष 2025 व 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं के सत्यापन का काम जारी है।


