पलामू में जमीन विवाद बना खूनी खेल, गोलीबारी में एक की मौत; 4 घायल

पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान गोलीबारी भी हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया।

वहां उपचार के दौरान सिकंदर चौधरी (30) की मौत हो गई। घायलों में यशवंत कुमार (16), मधु चौधरी (74), संजय चौधरी और सकेंद्र चौधरी शामिल हैं, जिनका इलाज एमएमसीएच में चल रहा है।

मृतक के स्वजनों ने आरोप लगाया है कि मंटू सिंह नामक व्यक्ति के परिवार के किसी सदस्य ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के कारणों और गोलीबारी की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *