भीषण गर्मी में सड़कों पर कराया एंटी स्माॅग गन से छिड़काव, बिजनौर में इस कवायद से लोगों को मिली राहत

 भीषण गर्मी और आग उगलती धूप से बेहाल लोगों को नगीना नगर पालिका परिषद ने बड़ी राहत देने की कोशिश शुरू कर दी है। दोपहर जब तापमान अपने चरम पर होता हे और सड़कें लू के थपेड़ों से तपती हैं तो नगर पालिका की दो एंटी स्माग गन सड़कों पर उतरती हैं। दोनों मशीनों से बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पानी का छिड़काव होते ही तापमान कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

नगर पालिका का यह अभियान अब गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की फुहार बनकर सामने आया है‚ जिससे लोगों को राहत मिली है। दोपहर से शाम तक पालिका यह अभियान चलाती है ।

नगर क्षेत्र का पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। जिसके चलते तेज धूप और लू के कारण राहगीरों व नगरवासियों का गर्मी से हाल बेहाल है। पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक धीरज राय वर्मा ने बताया कि गर्मी से राहत के लिए नगर  पालिका प्रशासन ने दो एंटी स्माॅग गन के जरिए सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू कराया।उन्होने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को गर्मी से तत्काल राहत पहुंचाना है। दोनों मशीनें पिछले तीन दिनों से नगर के मुख्य मार्ग, व्यस्त बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़े पैमाने पर पानी का छिड़काव कराया गया। एंटी स्माग गन से निकलती पानी की फुहारों ने तपती सड़कों को कुछ ही देर में ठंडा कर दिया, छिड़काव के बाद कुछ समय के लिए तापमान 3-5 डिग्री सेल्यिस तक कम हो जाता है जिससे आसपास के लोगों को राहत महसूस होती है।

दुकानदारों व राहगीरों को मिली राहत‚ लू के कारण सूनी पड़ी थी सड़कें

अचानक हुए पानी के छिड़काव से सड़क पर गुजर रहे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को काफी राहत मिली। कई लोगों ने इसे गर्मी से बचाव का एक प्रभावी कदम बताया। लोगों का कहना था कि तेज गर्मी के बीच यह राहत किसी ठंडी हवा से कम नहीं लगी। भीषण गर्मी के चलते दोपहर होते-होते नगर की सड़कें लगभग सूनी नजर आने लगी थीं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी लू और गर्म हवाओं से परेशान दिखाई दे रहे थे।

पालिका में कार्यरत रोहित कुमार बताते हैं कि अभियान का मकसद सिर्फ गर्मी से राहत देना नहीं बल्कि वातावरण में नमी बढ़ाकर उड़ती धूल को कम कर प्रदूषण को कम करना है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। एंटी स्माग गन से किए गए पानी के छिड़काव के बाद वातावरण में तुरंत बदलाव महसूस किया गया। लोगों को गर्म हवाओं से राहत मिली और सांस लेने में भी आसानी महसूस हुई। नगरवासियों ने इसे गर्मी से राहत देने वाला एक अच्छा कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *