एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अभियान में केंद्रीय जांच ब्यूरो (FBI) और भारतीय साइबर अपराध इकाइयों ने मिलकर भारत से संचालित होने वाले एक बड़े अवैध कॉल सेंटर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस अवैध काल सेंटर पर फर्जी तकनीकी सहायता और सरकारी प्रतिरूपण धोखाधड़ी योजनाओं के माध्यम से हजारों बुजुर्ग अमेरिकियों को लाखों डॉलर की ठगी करने का आरोप है।
अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों के अनुसार, इस घोटालेबाज नेटवर्क ने साल 2016 से 2022 के बीच फर्जी तकनीकी सहायता और सरकारी अधिकारी बनकर हजारों बुजुर्ग अमेरिकी नागरिकों से लाखों डॉलर की ठगी की थी। यह अवैध कॉल सेंटर मुख्य रूप से भारत से ही संचालित हो रहे थे।
कैसे की धोखाधड़ी
फाइनेंसियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इस फर्जी कॉल सेंटर की शुरुआत मैलवेयर संक्रमण और सुरक्षा उल्लंघनों की चेतावनी देने वाले नकली ब्राउजर पॉप-अप से हुई। इसके माध्यम से पीड़ितों को झूठा बताया गया कि उनके उपकरणों को रीस्टार्ट करने से डेटा नष्ट हो सकता है, जिससे वे धोखाधड़ी नेटवर्क से जुड़े एक टोल-फ्री नंबर पर कॉल करने के लिए मजबूर हो गए।
कॉल कनेक्ट होने पर, तकनीशियन बनकर आए धोखेबाजों ने कंप्यूटरों तक रिमोट एक्सेस प्राप्त कर लिया और बुनियादी टूल चलाए, जिन्हें उन्होंने उन्नत मरम्मत बताकर प्रचारित किया। इसके बाद पीड़ितों पर वायर ट्रांसफर, गिफ्ट कार्ड या नकद के माध्यम से नकली मरम्मत के लिए भुगतान करने का दबाव डाला गया।
अधिकारियों ने कबूला गुनाह
संघीय जांचकर्ताओं ने बताया कि एफबीआई के बोस्टन डिवीजन ने इस मामले में पहले ही कई दोषियों को सजा दिलवाई है, जिनमें भारत स्थित पांच ऑपरेटर और एक पूर्व अंदरूनी सूत्र शामिल हैं। जांच में तब तेजी आई जब दूरसंचार कंपनी के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने अदालत में स्वीकार किया कि उन्होंने जानबूझकर वर्षों तक घोटाले के नेटवर्क को संचालित करने में मदद की थी।
घोटाले से जुड़े दूरसंचार कंपनी के अधिकारियों ने प्रोविडेंस की एक संघीय अदालत में अपने जुर्म को कबूल कर लिया है। अभियोजकों के अनुसार, पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी एडम यंग और पूर्व मुख्य सुरक्षा अधिकारी हैरिसन गेविर्ट्ज स्वीकार किया कि उनके उद्यम ने व्यवस्थित रूप से आवश्यक परिचालन उपकरण, जैसे कि कॉल रूटिंग, ट्रैकिंग, फॉरवर्डिंग और समर्पित फोन नंबर, उन अवैध संस्थाओं को प्रदान किए जिन्हें वे धोखाधड़ी वाले तकनीकी सहायता सिंडिकेट के रूप में पूरी तरह से पहचानते थे।


