मथुरा हाईवे पर बेकाबू कंटेनर का कहर: चाय पी रहे लोगों को रौंदा, दो की मौत

 दिल्ली-आगरा हाईवे पर मंगलवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना गोविंद नगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कंटेनर बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी फैल गई।

दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। हादसा रात करीब डेढ़ बजे गोकुल रेस्टोरेंट के आगे चौधरी कैंटीन के सामने हुआ।

बेकाबू कंटेनर ने चाय पी रहे लोगों को रौंदा, दो की मौत

बताया जा रहा है कि कंटेनर दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर पहले डिवाइडर से टकराया, फिर सड़क किनारे चाय पी रहे लोगों को रौंदता चला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग दूर जाकर गिरे और मौके पर भगदड़ मच गई।

हादसे के बाद कंटेनर छोड़कर भागने लगा ड्राइवर, लोगों ने पकड़ा

हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर भागने लगा, लेकिन गुस्साए लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल में अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ा दम

अस्पताल में इलाज के दौरान छाता क्षेत्र के चंदौली निवासी ललित और एक अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं नरी निवासी तेजपाल और एटा के गंगनपुर निवासी विकास गंभीर घायल हैं। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ देर तक हाईवे पर जाम लगा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *